अभय मिश्रा, मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज में जनता की सुरक्षा करने वाली पुलिस पर ही हमला हो गया। ग्रामीणों ने महिला पुलिसकर्मी को भी नहीं बख्शा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। सनसनीखेज मामले के बाद पुलिस पूरे मामले में कार्रवाई जांच शुरू कर दी है। दरअसल,जिले के लौर थाना क्षेत्र के सुकुलगमा गांव में चोरी के एक मामले की पुलिस टीम जांच करने पहुंची थी। तभी ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। मामला उस वक्त भड़क गया जब जेवरात चोरी के आरोप में दर्ज शिकायत के आधार पर मऊगंज थाना पुलिस एक महिला से पूछताछ करने उसके मायके पहुंची थी।
पुलिस जैसे ही महिला को थाने ले जाने लगी, मायके पक्ष के परिजन ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई—महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई और उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई।
आरोप है कि महिलाओं ने पुलिस वाहन के सामने लेटकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव चरम पर पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद किसी तरह स्थिति को काबू में किया जा सका।
गौरतलब है कि मऊगंज थाना पुलिस दूसरे थाना क्षेत्र लौर के सुकुलगमा गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची थी, जहां उसे भारी विरोध का सामना करना पड़ा।वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि पुलिस बिना सर्च वारंट के जबरन घर में घुसी, जिससे विवाद भड़का।

