परवेज खान, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर में युवक की मौत के बाद सस्पेंड होने वाली महिला तहसीलदार मनीषा मिश्रा की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी बीपी बढ़ने की वजह से स्वास्थ्य खराब हुआ है। 

दरअसल, देवेंद्र गोयल नाम के बुजुर्ग ने जनसुनवाई में जहर खा लिया था। महिला तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने इसे नौटंकी बताया था। लेकिन बुजुर्ग की मौत हो गई थी जिसके बाद उन पर सवाल उठने खड़े हो गए थे। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर शीला दाहिमा ने तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था। जिसके बाद उन्हें सामान्य निर्वाचन विभाग में अटैच कर दिया गया था।  

मनीषा मिश्रा आज सुबह अपने दफ्तर पहुंचने के बाद अचानक बेहोश हो गईं। जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद होश तो आ गया, लेकिन उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

बुजुर्ग देवेंद्र गोयल आत्महत्या मामले में जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला का बड़ा बयान सामने आया है। उनका कहना है कि यह घटना बहुत दुखद है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद तहसीलदार को निलंबित किया गया है। वहीं परिवार को उचित मुआवजा भी दिलाया गया है। भविष्य में इस तरह की घटना किसी अन्य के साथ ना हो इसको लेकर जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m