FIFA WC 2026 : 12 जून से शुरू हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 का कारवां धीरे-धीरे आगे बढ़ता जा रहा है. सोमवार (अमेरिकी समय के हिसाब से) को खेले गए चारों मुकाबले ड्रा पर समाप्त हुए. इनमें स्पेन, उरुग्वे और बेल्जियन जैसी टीमें शामिल हैं. पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे की टीम ने यूरोपियन कप जितने वाली स्पेन को ड्रॉ पर रोक दिया.  बेल्जियम और मिस्र के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा, जबकि सऊदी अरब और उरुग्वे ने भी 1-1 से अंक साझा किए.  वहीं ईरान और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ. चारों मुकाबले में 8 गोल देखने को मिले, लेकिन  सब बेनतीजा रहे. विश्व कप के इतिहास में ऐसा 16 साल बाद हुआ है. 

स्पेन को केप वर्ड ने ड्रॉ पर रोका   

पहले मुकाबले में स्पेन और केप वर्ड के बीच बेहद रोमांचक मैच खेला गया. इस सीजन में केप वर्ड ने पहली बार डेब्यू किया। वहीं स्पेन को विश्व कप का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन इस मैच ने कुछ अलग ही कहानी बयां कर दी है. दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ गोल नहीं कर पाए, जिससे नतीजा अंत में 0-0 का रहा.  केप वर्डे से 40 साल के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने गजब का खेल दिखाया. उनकी मां अमेरिकी वीजा नहीं मिलने के कारण मैच देखने नहीं पहुंच पाई. इस मैच में स्पेन के पास एक मौक़ा जरूर बना था, जब फेरान टोरेस ने गोल करने का प्रयास किया लेकिन बॉल क्रॉसबार से टकरा गई. युवा स्टार लामिन यामाल को भी मैदान पर उतारा गया, लेकिन वे भी कुछ खास नहीं कर पाए.

बेल्जियम ने ड्रॉ खेला, मिस्र की जीत का इंतजार बरकरार

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मिस्र का पहली जीत का इंतजार और लंबा हो गया है. ग्रुप G के मुकाबले में बेल्जियम और मिस्र की टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं. सिएटल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सभी की निगाहें बेल्जियम के स्टार खिलाड़ी केविन डी ब्रुइन और मिस्र के कप्तान मोहम्मद सालाह पर थीं, लेकिन दोनों गोल करने में सफल नहीं रहे. पहले हाफ में इमाम अशूर के गोल से मिस्र ने बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में हुए आत्मघाती गोल ने बेल्जियम को बराबरी दिला दी. मैच ड्रॉ रहने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला. हालांकि, मोहम्मद सालाह ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली. वह 1966 के बाद अपने जन्मदिन पर गोल में योगदान देने वाले पहले अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं.

सऊदी अरब और उरुग्वे ने भी साझा किए अंक

दिन के तीसरे मुकाबले में सऊदी अरब और उरुग्वे की टीमें आमने-सामने थीं. मुकाबला काफी रोमांचक रहा और अंततः 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ. मैच के 41वें मिनट में अल अमीरी ने गोल कर सऊदी अरब को बढ़त दिलाई, जिससे उलटफेर की उम्मीदें बढ़ गईं. हालांकि, उरुग्वे ने हार नहीं मानी और 80वें मिनट में बराबरी का गोल दागकर मैच को ड्रॉ करा लिया. इस तरह दोनों टीमों ने एक-एक अंक हासिल किया.

ईरान और न्यूजीलैंड का मैच 2-2 पर ड्रॉ

चौथा और आखिरी मैच ईरान और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया, जिसमें सबसे ज्यादा गोल हुए. इस मुकाबले में भारतीय मूल के सरप्रीत सिंह भी टीम का हिस्सा रहे. हालांकि इस मैच का नतीजा भी ड्रॉ ही रहा. पहले हाफ के 7वें मिनट पर कैप्टन क्रिस्टोफर वुड के पास पर एलिजाह जस्ट ने गोल किया, इसके बाद 32वें मिनट पर ईरान केरमीन रिजालन ने गोल करते हुए 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया है. दूसरे हाफ में एलिजाह जस्ट के 55वें मिनट पर गोल के साथ न्यूजीलैंड ने बढ़त जरूर बनाई, लेकिन 64वें मिनट पर मोहम्मद मोहेबी के गोल को नहीं रोक सकी. अंत में मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा.

FIFA World Cup 2026 में भाग लेने वाली सभी 48 टीम और उनके ग्रुप्स

FIFA ने टूर्नामेंट के प्रारूप में किया बदलाव

फीफा ने टीमों की संख्या को देखते हुए इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदल दिया है. 48 टीमों को 12 ग्रुप (A से L) में बांटा गया है और हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। प्रत्येक टीम ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगी.

इसके बाद नॉकआउट चरण में नया “राउंड ऑफ 32” शामिल किया गया है. इसमें 12 ग्रुप विजेता, 12 रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें जगह बनाएंगी. इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में कुल 104 मैच होंगे.

भारत में कहां देख सकते हैं मैच?

भारत में FIFA वर्ल्ड कप 2026 का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के नए लॉन्च किए गए यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H