FIFA WC 2026 : फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच चरम पर है. फ्रांस के बाद 2010 की चैंपियन स्पेन ने इतिहास रचते हुए सेमीफाइनल में एंट्री मार ली है. लॉस एंजिल्स स्टेडियम में शुक्रवार रात खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकबाले में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से करारी शिकस्त दी. अब 14 जुलाई को फ्रांस के साथ भिड़ेगी.
पहला हाफ : 1-1 पर पहुंचा मुकाबला (FIFA WC 2026)
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया और 30वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली. युवा स्टार लैमिन यामल के शानदार रन के बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स में लो क्रॉस दिया. बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ ने पहले डैनी ओल्मो का शॉट शानदार तरीके से रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर फैबियन रुइज ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी.

हालांकि बेल्जियम ने जल्द ही जवाब दिया. 41वें मिनट में टिमोथी कास्टेग्ने के सटीक क्रॉस पर चार्ल्स डी केटेलेयर ने बेहतरीन हेडर लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इस गोल के साथ स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन की लगातार छह क्लीन शीट का सिलसिला भी टूट गया. वहीं, उनका वर्ल्ड कप में लगातार 650 मिनट तक बिना गोल खाए रहने का रिकॉर्ड भी समाप्त हो गया.
दूसरा हाफ : कोर्टुआ की चोट बनी टर्निंग पॉइंट (FIFA WC 2026)
दूसरे हाफ की शुरुआत भी दोनों टीमों ने शानदार अंदाज में की, लेकिन 71वें मिनट में बेल्जियम को बड़ा झटका लगा. स्टार गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. यह वर्ल्ड कप में उनका 21वां मुकाबला था और इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले गोलकीपरों की सूची में मैनुअल नोयर (23 मैच) के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उनकी जगह सेने लैमेंस को मैदान पर उतारा गया. इससे पहले मुकाबले से ठीक पहले बेल्जियम के मिडफील्डर यूरी टिलेमान्स भी चोट के कारण बाहर हो गए थे, जिनकी जगह हैंस वानाकेन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया.
मैच अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन 86वें मिनट में स्पेन ने मिकेल मेरिनो को मैदान पर उतारा और उन्होंने महज दो मिनट बाद मैच का रुख बदल दिया. पाउ क्यूबार्सी के दूर से लगाए गए शॉट को बेल्जियम के नए गोलकीपर लैमेंस ठीक से नहीं संभाल पाए. गेंद उनके हाथों से छिटक गई, जिसका फायदा उठाते हुए मेरिनो ने आसान फिनिश के साथ स्पेन को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी.
यह लगातार दूसरा मुकाबला रहा, जिसमें मिकेल मेरिनो ने सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरकर स्पेन के लिए आखिरी मिनटों में विजयी गोल किया. इससे पहले उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ भी टीम को जीत दिलाने वाला निर्णायक गोल दागा था.
गोल्डन बूट की रेस
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोल्डन बूट की दौड़ भी रोमांचक बनी हुई है. लियोनेल मेसी और किलियन एम्बाप्पे सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि एरलिंग हालैंड 7 गोल के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं.
2010 के बाद स्पेन की सेमीफाइनल में एंट्री
वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में स्पेन पहुंची है. पिछली बार साल 2010 में वह जगह बना पाने में कामयाब हुई थी. उस वक्त स्पेन ने नीदरलैंड को 1-0 से हराकर पहली बार खिताब जीता था.
जल्द मिलेंगी दूसरे सेमीफाइनल की टीमें
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल के शेष दो मुकाबले आज निर्धारित हैं. पहला मैच रात 2:30 बजे नॉर्वे और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला शनिवार सुबह 6:30 बजे अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होगा. इन दोनों मुकाबलों के बाद दूसरे सेमीफाइनल की दोनों टीमें तय हो जाएंगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

