FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप में पुर्तगाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज़्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। मैच के केंद्र में एक बार फिर कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे, जिन्होंने दो गोल दागकर इतिहास रच दिया और लगातार छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।

शुरुआती मिनटों में ही पुर्तगाल का दबदबा
मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल ने आक्रामक रुख अपनाया। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर रोनाल्डो गोल करने का सुनहरा मौका चूक गए, लेकिन उन्होंने जल्दी ही अपनी गलती सुधार ली।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रचा इतिहास

छठे मिनट में जोआओ कैंसिलो के लो क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार राइट फुट शॉट लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इसी गोल के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार छह संस्करणों (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में गोल करने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
फ्री-किक से बढ़त, मेंडेस ने दागा दूसरा गोल
14वें मिनट में उज्बेकिस्तान के खामरोबेकोव द्वारा पेड्रो नेटो को फाउल करने पर पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। उम्मीद थी कि रोनाल्डो शॉट लेंगे, लेकिन उन्होंने गेंद नूनो मेंडेस को दी और 17वें मिनट में मेंडेस ने सटीक लो शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया।
विवादित गोल रद्द, रोनाल्डो का दूसरा गोल

29वें मिनट में उज्बेकिस्तान के अजीज गानिएव ने शानदार लंबी दूरी का शॉट गोल में बदला, लेकिन VAR जांच के बाद जोआओ कैंसिलो पर फाउल पाए जाने के कारण गोल रद्द कर दिया गया।
पहले हाफ के अंत से ठीक पहले 38वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस ने बेहतरीन थ्रू बॉल दी, जिसे रोनाल्डो ने डिफेंस को छकाते हुए गोल में बदल दिया। इस गोल के साथ पुर्तगाल ने हाफ टाइम तक 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। मैच के बाद उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
गोल करने के बाद रोनाल्डो ने आलोचकों को यूं किया शांत
दो गोल करने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कैमरे की ओर देखते हुए जोरदार अंदाज़ में कहा, “आई एम बैक! आई एम बैक!”। उनका यह जश्न सिर्फ खुशी नहीं था, बल्कि उन आलोचकों को सीधा जवाब था जिन्होंने पिछले हफ्ते उनके करियर और टीम में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए थे।
हैट्रिक से चूके रोनाल्डो
दूसरे हाफ में भी पुर्तगाल का दबदबा जारी रहा। 57वें मिनट में रोनाल्डो की फ्री-किक को गोलकीपर ने शानदार तरीके से रोक दिया। 59वें मिनट में जोआओ फेलिक्स की बैक-हील फ्लिक डिफेंडर से टकराकर ऑटोगोल में बदल गई, जिससे स्कोर 4-0 हो गया।

73वें मिनट में रोनाल्डो के पास हैट्रिक पूरी करने के दो मौके आए, लेकिन वे दोनों मौकों को भुना नहीं सके। एक शॉट डिफ्लेक्शन से बाहर गया, जबकि दूसरे प्रयास में गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। 83वें मिनट में राफेल लियो मैदान में आए और 87वें मिनट में उन्होंने नेल्सन सेमेडो के कट-बैक पर दमदार शॉट लगाकर पुर्तगाल का पांचवां गोल दाग दिया। इसी के साथ मुकाबला 5-0 पर समाप्त हुआ।
जीत के बाद रोनाल्डो ने क्या कहा?

मुकाबला जीतने के बाद रोनाल्डो ने कहा, ‘यह काफी मुश्किल सप्ताह रहा। ऐसा लग रहा था जैसे मैं फुटबॉल से संन्यास ले चुका हूं। लेकिन मैंने हमेशा की तरह धैर्य रखा, क्योंकि मुझे मेहनत पर सबसे ज्यादा भरोसा है।’
उन्होंने टीम के भीतर किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को भी खारिज कर दिया। रोनाल्डो ने कहा- मुझे पता था कि मेरे साथी खिलाड़ी मेरा साथ देंगे। समय मुश्किल था, यह मैं मानता हूं, लेकिन अब हम वापस आ गए हैं। मैं बहुत खुश हूं।
आलोचकों को सीधा जवाब देते हुए उन्होंने कहा- लोग कह रहे थे कि मुझे संन्यास ले लेना चाहिए, लेकिन मैं अभी यहां हूं। बाहर की बातें हमेशा होती रहती हैं, लेकिन हम उन्हें नियंत्रित नहीं कर सकते। हम आगे बढ़ते रहेंगे और हमारी टीम एकजुट है।
मैच के बाद रोनाल्डो की इंस्टा पोस्ट हुई वायरल
मैच के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए आत्मविश्वास भरा संदेश लिखा—“ESTAMOS AQUI” यानी “हम आ चुके हैं!”। उनकी इस पोस्ट को लाखों लाइक्स मिले और फैंस ने इसे आलोचकों को करारा जवाब बताया। सोशल मीडिया पर रोनाल्डो की वापसी और उनके ऐतिहासिक रिकॉर्ड को लेकर जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है।
पुर्तगाल की फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहली जीत
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और ग्रुप-के में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले टीम ने डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। उज़्बेकिस्तान इस हार के साथ नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया है, जबकि कोलंबिया ने डीआर कांगो को 1-0 से हराकर नॉकआउट में जगह पक्की कर ली है। कोलंबिया के 6 अंक हैं, जबकि डीआर कांगो 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

