FIFA World Cup 2026 Semifinal: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। 12 जुलाई को खेले गए आखिरी दो क्वार्टर फाइनल मैचों में इंग्लैंड और डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली। अब खिताब की दौड़ में फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।

इंग्लैंड ने नॉर्वे को हराकर बनाई सेमीफाइनल में जगह

क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। मुकाबले में इंग्लैंड ने दबाव के क्षणों में बेहतरीन खेल दिखाया और जीत अपने नाम करते हुए लंबे इंतजार के बाद अंतिम चार में जगह बनाई।

वहीं दिन के दूसरे क्वार्टर फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर अपने खिताब बचाने की उम्मीदों को बरकरार रखा। अर्जेंटीना ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर अपना दबदबा बनाए रखा।

सेमीफाइनल में इन टीमों के बीच होगी भिड़ंत

क्वार्टर फाइनल के नतीजों के बाद अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों का कार्यक्रम भी तय हो गया है।

  • पहला सेमीफाइनल: फ्रांस बनाम स्पेन – 15 जुलाई, भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे
  • दूसरा सेमीफाइनल: अर्जेंटीना बनाम इंग्लैंड – 16 जुलाई, भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे, अटलांटा में

फ्रांस के खिलाफ स्पेन का पलड़ा रहा है भारी

फ्रांस और स्पेन के बीच मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 38 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें स्पेन ने 18, जबकि फ्रांस ने 13 मैच जीते हैं। 7 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

विश्व कप में दोनों टीमें अब तक केवल एक बार आमने-सामने आई हैं। उस मुकाबले में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराकर जीत दर्ज की थी।

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के सामने इंग्लैंड की चुनौती

दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से होगा। अर्जेंटीना लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचा है, जबकि इंग्लैंड ने भी शानदार खेल दिखाकर अंतिम चार में जगह बनाई है।

विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड ने अब तक केवल एक बार, 1966 में खिताब जीता था। फाइनल में उसने वेस्ट जर्मनी को 4-2 से हराया था। इसके बाद इंग्लैंड तीसरी बार सेमीफाइनल तक पहुंचा है। 1990 में उसे जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल में हार मिली थी, जबकि 2018 में क्रोएशिया ने उसे बाहर का रास्ता दिखाया था।

वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना-इंग्लैंड का रिकॉर्ड

विश्व कप इतिहास में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें इंग्लैंड ने 3 और अर्जेंटीना ने 2 मैच जीते हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर हैं, जहां जीतने वाली दो टीमें फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाएंगी।

भारत में कहां देखें लाइव मैच?

भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए फीफा विश्व कप 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 (ZEE5) ऐप पर उपलब्ध है। वहीं टीवी दर्शक Unite8 Sports चैनलों पर सभी क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H