FIFA World Cup 2026: सेमीफाइनल मुकाबले में किलियन एम्बाप्पे की फ्रांस को 2-0 से हराकर स्पेन ने 16 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल की टिकट पक्की कर ली है. इतिहास में दूसरी बार स्पेन वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा. डलास स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में पेड्रो पोरो और मिकेल ओयारजाबाल ने गोल दागकर अपनी टीम को विजयी बनाया. (Spain Into Finals)
स्पेन ने पेनल्टी पर किया पहला गोल (FIFA World Cup 2026)
मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रमक खेल दिखाया और दोनों हाफ में एक-एक गोल दागकर फ्रांस को घुटनों पर ला दिया. इस सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे फ्रांस के कप्तान एम्बाप्पे भी अहम मैच में फेल हो गए. मैच शुरू होने के 22 मिनट बाद स्पेन को पेनल्टी लेने का मौका बना, जिसे उसने बखूबी भुनाया. स्ट्राइकर मिकेल ओयारजाबल ने गोल दागकर टीम को पहली बढ़त दिलाई. वहीं 58वें मिनट पर डिफेंडर पेड्रो पोरो ने स्पेन के लिए दूसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित कर दी. इसके बाद लगातार तीसरे साल स्पेन के खिलाफ किसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में फ्रांस की टीम बाहर हो गई है.
नेशंस लीग की याद हुई ताजा
पिछले साल के नेशंस लीग के सेमीफाइनल में यही दोनों टीमें आमने-सामने थी. इस मैच में भी स्पेन के खिलाफ फ्रांस को हार का मुंह देखना पड़ा था. वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी स्पेन ने फ्रांस को हार दिया है.
2010 में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठा चुका है स्पेन

स्पेन ने 2010 में पहली बार फीफा विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन इसके बाद के तीन संस्करणों में टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. 2014 विश्व कप में स्पेन ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई, जबकि 2018 और 2022 में उसका सफर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) तक ही सीमित रहा. इन तीनों टूर्नामेंटों में टीम कुल मिलाकर सिर्फ तीन मुकाबले ही जीत सकी.
हालांकि, इस बार स्पेन ने दमदार वापसी की है. टूर्नामेंट के पहले मैच में केप वर्डे ने उसे गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया था, लेकिन इसके बाद स्पेन ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की लय पकड़ ली और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

