FIFA World Cup 2026: भारत में फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब फीफा विश्व कप 2026 समेत अगले कई बड़े फीफा टूर्नामेंट्स का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। जी एंटरटेनमेंट ने फीफा के साथ एक बड़ी डील करते हुए 2026 और 2030 के फीफा मेंस वर्ल्ड कप, 2027 के फीफा विमेंस वर्ल्ड कप और 2034 तक आयोजित होने वाले कई प्रमुख फीफा टूर्नामेंट्स के मीडिया राइट्स हासिल कर लिए हैं।

बता दें कि भारतीय दर्शक फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबले टीवी पर ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म जी5 (ZEE5) पर लाइव देख सकेंगे। इस घोषणा के बाद भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है।
11 जून से शुरू होगा सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप
FIFA World Cup 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। इसके अलावा पहली बार विश्व कप में 32 की बजाय 48 टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी के प्रतिष्ठित एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो अब तक के किसी भी फीफा विश्व कप में सबसे ज्यादा होंगे।
टाइम जोन बना था सबसे बड़ी चुनौती

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट्स की घोषणा टूर्नामेंट शुरू होने से दो सप्ताह से भी कम समय पहले हुई है। दरअसल, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले मैच भारतीय समयानुसार देर रात और तड़के प्रसारित होंगे। इसी कारण अधिकांश भारतीय ब्रॉडकास्टर्स इस टूर्नामेंट में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे। हालांकि, जी एंटरटेनमेंट ने इस अवसर को भुनाते हुए फीफा के साथ दीर्घकालिक साझेदारी कर ली है।
फीफा-जियोस्टार डील नहीं बनने का मिला फायदा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फीफा और जियोस्टार के बीच ब्रॉडकास्ट राइट्स की कीमत को लेकर सहमति नहीं बन सकी। बताया जाता है कि फीफा भारत में प्रसारण अधिकारों के लिए करीब 100 मिलियन डॉलर (लगभग 950 करोड़ रुपए) की मांग कर रहा था। बाद में यह राशि घटाकर करीब 60 मिलियन डॉलर तक लाने की भी कोशिश हुई।
वहीं जियोस्टार ने भारतीय बाजार में इन अधिकारों की कीमत लगभग 20 मिलियन डॉलर (करीब 190 करोड़ रुपए) आंकी थी। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के बाद जी एंटरटेनमेंट ने इस रेस में एंट्री कर डील अपने नाम कर ली।
वायकॉम18 (Viacom18) के पास थे 2022 वर्ल्ड कप के राइट्स
गौरतलब है कि कतर में आयोजित फीफा विश्व कप 2022 के प्रसारण अधिकार वायाकॉम18 (जो अब जियोस्टार का हिस्सा है) ने लगभग 62 मिलियन डॉलर में खरीदे थे। उस समय टूर्नामेंट भारतीय दर्शकों के लिए अनुकूल टाइम जोन में खेला गया था, जिससे उसे अच्छी व्यूअरशिप मिली थी।
अंडर-17 से लेकर फुटसाल वर्ल्ड कप तक दिखाएगा ZEE
मेंस और विमेंस वर्ल्ड कप के अलावा जी नेटवर्क कई अन्य प्रमुख फीफा टूर्नामेंट्स का भी प्रसारण करेगा। इनमें शामिल हैं—
फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप
फीफा विमेंस अंडर-17 वर्ल्ड कप
फीफा अंडर-20 वर्ल्ड कप
फीफा विमेंस अंडर-20 वर्ल्ड कप
फीफा फुटसाल वर्ल्ड कप
फीफा विमेंस फुटसाल वर्ल्ड कप
फीफा इंटरकॉन्टिनेंटल कप
इसके साथ ही फीफा से जुड़े डॉक्यूमेंट्री और विशेष कंटेंट भी भारतीय दर्शकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
ZEE ने लॉन्च किए 4 नए स्पोर्ट्स चैनल
फुटबॉल और अन्य खेलों के प्रसारण के लिए जी एंटरटेनमेंट ने अपने कुछ मनोरंजन चैनलों को रीब्रांड कर चार नए स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च किए हैं। इनमें यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 HD, यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 HD शामिल हैं।
इन चैनलों पर फुटबॉल के अलावा क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, रेसलिंग और अन्य कॉम्बैट स्पोर्ट्स का भी प्रसारण किया जाएगा।
8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में जी की वापसी
जी एंटरटेनमेंट करीब आठ साल बाद बड़े स्तर पर स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में वापसी कर रहा है। इससे पहले कंपनी ने अपने स्पोर्ट्स चैनल्स को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया को बेच दिया था।
जी ने वर्ष 2005 में ‘जी स्पोर्ट्स’ के जरिए खेल प्रसारण क्षेत्र में कदम रखा था और बाद में ‘टेन स्पोर्ट्स’ का अधिग्रहण कर अपनी मौजूदगी मजबूत की थी।
नए फॉर्मेट में खेला जाएगा फीफा ने 2026

फीफा ने 2026 विश्व कप के लिए टूर्नामेंट के प्रारूप में बड़ा बदलाव किया है। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी। ग्रुप चरण के बाद पहली बार राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा। इसमें 12 ग्रुप विजेता, 12 रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
भारत में बढ़ रही फुटबॉल की लोकप्रियता
देश में फुटबॉल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। खासकर युवा दर्शकों के बीच यूरोपीय क्लब फुटबॉल और फीफा टूर्नामेंट्स को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में फीफा के साथ यह दीर्घकालिक समझौता जी एंटरटेनमेंट के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब भारतीय फुटबॉल प्रशंसक अगले कई वर्षों तक फीफा के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स का आनंद एक ही नेटवर्क पर उठा सकेंगे, जिससे विश्व स्तरीय फुटबॉल का रोमांच पहले से अधिक आसान और व्यापक रूप में दर्शकों तक पहुंच सकेगा।
पहली बार इतने बड़े स्तर पर होगा FIFA World Cup
FIFA World Cup 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहर मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे और पहली बार 48 टीमें विश्व कप में उतरेंगी। ऐसे में फुटबॉल फैंस को इस बार पहले से कहीं ज्यादा मुकाबले, ज्यादा रोमांच और ज्यादा बड़े सितारे देखने को मिलेंगे। 39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट का आगाज 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी के प्रतिष्ठित एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में होगा। जबकि, 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

ओपनिंग मुकाबले में मेक्सिको का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। खास बात यह है कि एस्टाडियो एज्टेका इससे पहले 1970 और 1986 वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैचों की भी मेजबानी कर चुका है। वहीं अमेरिका 12 जून को लॉस एंजेलिस में पराग्वे के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जबकि कनाडा टोरंटो में अपना पहला मुकाबला खेलेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

