० SRFTI कोलकाता के सहयोग से शुरू होंगे शॉर्ट टर्म कोर्स, युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय फिल्म और मीडिया प्रशिक्षण
रांची। झारखंड में फिल्म, टेलीविजन और मीडिया शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल के बाद राज्य में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुरुआती चरण में यह संस्थान रांची के सूचना भवन से संचालित होगा।
गुरुवार को सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के कुलपति समीरन दत्ता अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सूचना भवन पहुंचे। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर संस्थान की स्थापना, आवश्यक संसाधनों और प्रशिक्षण सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने सूचना भवन में उपलब्ध स्थान और बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
1, 2, 3 और 6 माह के शॉर्ट टर्म कोर्स होंगे शुरू
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद ने बताया कि शुरुआती चरण में विद्यार्थियों और कामकाजी युवाओं के लिए 1, 2, 3 और 6 माह के शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। ये कोर्स पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और इवनिंग क्लास के रूप में संचालित होंगे।
इन पाठ्यक्रमों में साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन, फिल्म प्रोडक्शन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग और एनिमेशन जैसे विषय शामिल होंगे। SRFTI के तकनीकी सहयोग से आधुनिक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वस्तरीय फिल्म और मीडिया शिक्षा का अवसर मिलेगा
SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता ने कहा कि JFTI के शुरू होने से झारखंड के युवाओं को राज्य में ही विश्वस्तरीय फिल्म और मीडिया शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने संस्थान के ब्लूप्रिंट, क्लासरूम डिजाइन, तकनीकी संसाधनों और गेस्ट फैकल्टी उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि संस्थान के पूरी तरह शुरू होने के बाद राज्य के मीडिया कर्मियों के लिए भी शॉर्ट टर्म प्रोफेशनल ट्रेनिंग शुरू की जाए। साथ ही झारखंड में बेहतर फिल्म संस्कृति विकसित करने के लिए फिल्म एप्रिशिएशन कोर्स से शुरुआत करने की भी सिफारिश की।
गौरतलब है कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और SRFTI, कोलकाता के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसी समझौते के तहत अब संस्थान की स्थापना की दिशा में तेज़ी से काम शुरू कर दिया गया है।


