दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत को छह साल बीत चुके हैं, लेकिन उनकी रहस्यमयी मृत्यु आज भी करोड़ों लोगों के लिए एक अनसुलझा सवाल बनी हुई है. 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. इस मामले को लेकर लंबे समय तक जांच चली, कई तरह की चर्चाएं हुईं और सोशल मीडिया पर भी लगातार बहस छिड़ी रही. अब इसी चर्चित और विवादित मामले पर एक फिल्म बनने जा रही है, जिसका नाम ‘सॉरी बाबू’ (Sorry Babu) रखा गया है.

फिल्म ‘सॉरी बाबू’ (Sorry Babu) की घोषणा के साथ ही इसका फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. कई लोग इसे सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत से जुड़े उन सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं, जिन पर आज भी चर्चा होती रहती है.
SSR Films के बैनर तले बनी फ़िल्म
इस फिल्म का निर्देशन दीपक भगवत कर रहे हैं. इसे SSR Films के बैनर तले बनाया जा रहा है. मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए दावा किया है कि यह कहानी कई सवाल खड़े करेगी और दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी. पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में कहा गया है कि “सच जल्द ही सामने आएगा” और फिल्म में कई ऐसे पहलुओं को दिखाया जाएगा जो अब तक लोगों की नजरों से दूर रहे हैं.
फ़िल्म का शीर्षक खींच रहा ध्यान
फिल्म का शीर्षक ‘सॉरी बाबू’ (Sorry Babu) भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. दरअसल, यह नाम उस कथित घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, जो सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत के बाद मुंबई के कूपर अस्पताल में हुई थी. दावा किया जाता है कि अभिनेता के पार्थिव शरीर को देखने के दौरान अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के मुंह से “सॉरी बाबू” शब्द निकले थे. यही वजह है कि फिल्म का नाम भी इसी चर्चित वाक्यांश पर आधारित रखा गया है.
सुशांत सिंह राजपूत की होगी मुख्य भूमिका
इस फिल्म में करणी सेना से जुड़े रहे सुजीत सिंग राठौर मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे. खास बात यह है कि सुजीत सिंह राठौर खुद इस मामले से जुड़े घटनाक्रम के दौरान कूपर अस्पताल में मौजूद होने का दावा कर चुके हैं. मेकर्स का कहना है कि फिल्म में इस हाई-प्रोफाइल केस की कई परतों को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा.
फिल्म के फर्स्ट पोस्टर और विषय को देखकर साफ है कि निर्माता दर्शकों के सामने एक ऐसी कहानी पेश करना चाहते हैं, जो सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत के बाद सामने आए घटनाक्रमों पर आधारित होगी. हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. माना जा रहा है कि जल्द ही मेकर्स इस बारे में बड़ा अपडेट साझा कर सकते हैं. फिलहाल, ‘सॉरी बाबू’ की घोषणा ने एक बार फिर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) से जुड़े मामले को सुर्खियों में ला दिया है और फैंस इस फिल्म से जुड़े हर नए अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

