प्रदीप मालवीय, उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर के साथ फ़िल्म अभिनेता जय भानुशाली, अभिनेत्री आरती सिंह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहुंचे। तीनों ने भस्म आरती में शामिल होकर नंदी हॉल से दर्शन कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
बाबा महाकाल की भक्ति में लीन
मधुर भंडारकर सहित अभिनेता जय भानुशाली एवं अभिनेत्री आरती सिंह तड़के 3 बजे बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए, दर्शन के दौरान फिर बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। 2 घंटे तक भस्म आरती में शामिल होने के बाद नंदी का पूजन अभिषेक नंदी के कान में मनोकामना कही। भस्म आरती के पश्चात चांदी द्वार से जल अर्पित कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से तीनों का स्वागत किया गया।
महाकाल कॉरिडोर बनने के बाद बहुत परिवर्तन
इस दौरान मधुर भंडारकर ने कहा कि मैं पिछले 20 – 22 सालों से महाकाल मंदिर दर्शन के लिए आ रहा हूं। हर साल बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होता हूं। इस बार बहुत साल बाद बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए आया हूं। बहुत ही संतुष्टि मिली और यहां आकर बहुत अच्छा लगा। यहां महाकाल कॉरिडोर बनने के बाद बहुत परिवर्तन दिखाई देता है।वहीं अभिनेता जय ने कहा कि अभिनेत्री आरती मेरी बहुत अच्छी दोस्त है और मैं उनके कहने पर महाकाल भस्म आरती दर्शन के लिए आया हूं। वह कहती हैं कि जो महाकाल भस्म आरती के दर्शन करते हैं उनका जीवन बदल जाता है।

