Bihar Crime: बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला सीवान जिले से सामने आया है, जहां आज बुधवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को बाइक सवार चार अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया। बदमाशों ने फाइनेंसकर्मी को बीच रास्ते में घेरकर गोली मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन व स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फाइनेंस कंपनी में रेपो एजेंट था मृतक
पूरा मामला जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार की है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक की पहचान नीतीश कुमार पुत्र अखिलेश्वर सिंह के रूप में हुई है, जो जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर-माधवपुर निवासी थे। नीतीश एक फाइनेंस कंपनी में बतौर रेपो एजेंट काम करते थे।
चार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार आज बुधवार की सुबह नीतीश बाजार में दाढ़ी बनवाने के लिए आए हुए थे। सैलून में दाढ़ी बनवाने के बाद बाइक से वह अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बीच रास्ते में उन्हें घेर लिया और उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। नीतीश को चार गोलियां लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुए इस वारदात से स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल कायम हो गया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं, फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
छानबीन में जुटी पुलिस
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। इसके साथ ही घटना वाले जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, जिससे बदमाशों की पहचान करने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी की जा सके। अपराधियों ने नीतीश को गोली क्यों मारी? इसे लेकर अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें- गंगा स्नान के दौरान दो हादसे, किशोर की डूबने से मौत, सेतु का सुपरवाइजर नदी में लापता


