० मंत्रियों की टीम करेगी आंदोलनकारी छात्रों से वार्ता, वित्त मंत्री बोले- युवाओं के हितों से कोई समझौता नहीं; JMM ने कहा- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई तय

रांची। झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों से संवाद स्थापित करने के लिए कैबिनेट मंत्रियों की एक टीम गठित की है। सरकार का कहना है कि बातचीत के जरिए छात्रों की चिंताओं को सुना जाएगा और न्यायसंगत समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

‘सरकार छात्रों के साथ, बातचीत से निकलेगा रास्ता’

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गठित मंत्रिमंडलीय टीम आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुनेगी तथा सरकार और छात्रों के बीच संवाद का सेतु बनेगी।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि आंदोलन के साथ-साथ वार्ता की प्रक्रिया में भी शामिल हों, ताकि समाधान का रास्ता निकाला जा सके।

‘अनियमितताओं पर सरकार गंभीर’

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार JPSC और अन्य भर्ती एजेंसियों में कथित अनियमितताओं के मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता से देख रही है। उन्होंने दावा किया कि अब तक सरकार द्वारा उठाए गए कदम उसकी मंशा और प्रतिबद्धता को स्पष्ट करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है।

JMM का भरोसा- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई होगी

इधर, झामुमो सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का स्थायी समाधान संवाद से ही संभव है और सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है।

CMO तक जांच पहुंची तो भी नहीं होगी कोई रोक

विजय कुमार हांसदा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जांच का दायरा मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) तक भी पहुंचता है, तो वहां भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

जारी है छात्र आंदोलन

राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी छात्र JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भर्ती प्रणाली में पारदर्शिता की मांग पर अड़े हुए हैं।

अब सबकी नजर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच होने वाली वार्ता पर है। यह बैठक तय करेगी कि आंदोलन का समाधान निकलता है या झारखंड की सियासत और छात्र आंदोलन दोनों में टकराव और बढ़ेगा।