कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव के बीच राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के खिलाफ बाढ़ और मोकामा थाने में कुल 3 प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्यवाई मोकामा विधानसभा क्षेत्र में रोड शो के दौरान कथित तौर पहु चुनावी नियमों की अनदेखी के मामले में की है। अनंत सिंह और अनुज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
रोड शो के दौरान नियमों की अनदेखी का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में दो प्राथमिकी बाढ़ थाना क्षेत्र में और एक प्राथमिकी मोकामा थाने में दर्ज की गई है। अनंत सिंह और अनुज सिंह पर रोड शो के दौरान तय नियमों और अनुमति से संबंधित शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में शिकायत आने के बाद प्रशासन ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मोकामा क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पार्टी प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं अनंत सिंह
गौरतलब है कि पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर जदयू विधायक अनंत सिंह पहले ही चर्चाओं में बने हुए हैं। वहीं, अब दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से पटना और मोकामा में सियासी हलचल के तेज होने की आशंका है। अनंत सिंह पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं।
9 गो मर्डर किए, बयान देकर मचाई सनसनी
अनंत सिंह ने हालही में न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत के दौरान यह कहा था कि, उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 गो मर्डर किया। बाद में जब उनके इस बयान ने तूल पकड़ा तो, अनंत सिंह ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि, उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। वे कहना चाहते थे कि लालू यादव ने उनके 9 आदमियों का मर्डर कराया है। लेकिन उनके बयान को तोड़- मरोड़ कर पेश किया गया।
ये भी पढ़ें- ‘माफिया के हाथ बिकी बॉम्बे पुलिस’, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर पप्पू यादव का बड़ा बयान

