सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम जिला अदालत परिसर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कोर्ट परिसर से धुएं के घने गुबार उठने लगे।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे से आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।

रविवार होने के कारण कोर्ट में आम दिनों के मुकाबले लोगों की आवाजाही कम रही, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि रिकॉर्ड रूम में रखी हजारों महत्वपूर्ण फाइलें, केस रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज आग की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। दमकलकर्मी लगातार दस्तावेजों को बचाने और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने में जुटे हैं।

आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

