भिवानी। हिसार रोड स्थित बहुअकबरपुर गांव में बुधवार देर रात पुराली से गिट्टी बनाने वाले पावर वेंचर प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि प्लांट में सो रहे श्रमिकों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भी गुरुवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकीं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण प्लांट के इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगते ही देखते ही देखते लपटों ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।
श्रमिकों ने भागकर बचाई जान
प्लांट मालिक आशीष, निवासी बहुअकबरपुर, ने बताया कि करीब रात दो बजे प्लांट में सो रहे श्रमिकों को धुएं का एहसास हुआ। बाहर निकलकर देखा तो पैनल के पास आग धधक रही थी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
एक साल पहले लगाया था प्लांट
आशीष के अनुसार, उन्होंने करीब एक वर्ष पहले एक एकड़ क्षेत्र में यह प्लांट स्थापित किया था। यहां पुराली (फसल अवशेष) से गिट्टी तैयार की जाती है, जिसकी आपूर्ति झाड़ली स्थित पावर प्लांट में की जाती है। इस गिट्टी का उपयोग कोयले के साथ बिजली उत्पादन में किया जाता है।
40 लाख रुपये के नुकसान का दावा
भीषण आग में तैयार माल, बड़ी मात्रा में पुराली और प्लांट का सामान जलकर राख हो गया। प्लांट मालिक ने इस हादसे में करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

