अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के एक शासकीय कन्या छात्रावास में अचानक भीषण आग लग गई। आग छात्रावास की रसोई (किचन) में लगी, जिससे देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया और घबराई छात्राएं रोते-बिलखते बाहर की ओर भागीं। घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ स्थित ‘शासकीय अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास’ की है।

अचानक उठी लपटें, चीख-पुकार और अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रावास के रसोईघर में अचानक आग लग गई। रसोई से निकलता भयंकर धुआं और आग की लपटें देखकर हॉस्टल में मौजूद छात्राओं में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते धुआं छात्रावास के कई कमरों तक पहुँच गया। घबराहट और डर के मारे छात्राएं चीखते-चिल्लाते हुए छात्रावास से बाहर निकल आईं।

ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच घटना की सूचना पुलिस (Dial 112) और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुँची दमकल की गाड़ी और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

एक दिन पहले ही पैदल कलेक्ट्रेट पहुंची थीं छात्राएं

गौरतलब है कि इस छात्रावास में अव्यवस्थाओं का आलम काफी समय से बना हुआ था। घटना से ठीक एक दिन पहले ही हॉस्टल की समस्याओं से परेशान होकर छात्राएं विरोध स्वरूप 8 किलोमीटर पैदल सफर तय कर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुँची थीं और अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई थी। छात्राओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के अगले ही दिन हुई इस अग्निकांड की घटना ने छात्रावास प्रबंधन और प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m