जांजगीर-चांपा। शहर के कोरवा पारा क्षेत्र स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलते हुए मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन नंबर-1 तक पहुंच गई, जिससे परिसर के भीतर भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग बुझाने के अभियान में पुलिस, दमकल विभाग, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी सहयोग कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। बगल में नर्सिंग होम था, जहां धुंआ भरने से उसे खाली कराया गया। टाकीज के अंदर पर्दा, साउंड सिस्टम, कुर्सी और फाल सीलिंग जल गई है। जानकारी के मुताबिक इस आगजनी में लगभग 50-60 लाख का नुकसान हुआ है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मल्टीप्लेक्स का एक बड़ा हिस्सा धुएं और लपटों से घिर गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

