अनिल सक्सेना, रायसेन। जिले के सांची विकासखंड के आलमखेड़ा गांव में शनिवार शाम को भीषण आगजनी की घटना हो गई। खेतों में जल रही नरवाई की आग तेज आंधी-तूफान के कारण गांव में फैल गई, जिससे गांव के आधा दर्जन से अधिक मकान जलकर खाक हो गए।
इस अग्निकांड में करीब 4 से 5 पशुओं की जलने से मौत हो गई। एक किसान के आंगन में खड़ा ट्रैक्टर भी पूरी तरह जल गया। इसके अतिरिक्त, लगभग 12 किसानों का 200 क्विंटल से अधिक गेहूं, कृषि यंत्र और घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
शनिवार शाम को अचानक मौसम बदलने के साथ ही तेज आंधी और धूल भरी हवाएं चलने लगीं। खेतों में जल रही नरवाई की आग इन्हीं हवाओं के कारण तेजी से गांव की ओर बढ़ी और देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। धूल और धुएं के कारण स्थिति इतनी बेकाबू हो गई थी कि लोग एक-दूसरे को पहचान भी नहीं पा रहे थे। आग बुझाने के प्रयास में ग्रामीण झुलस भी गए।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। तेज हवा के कारण आग लगातार भड़कती रही, लेकिन गांव के लोगों और आसपास के वरिष्ठ किसानों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की और नुकसान का जायजा लिया। कलेक्टर ने प्रशासन की ओर से हर संभव मदद और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

