आशुतोष द्विवेदी, रीवा। शहर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां साईं मंदिर के सामने एक 13 वर्षीय बालक को गोली मार दी गई। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रानी तालाब स्थित साईं मंदिर के सामने का है। जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय ऋषि कुमार सिंह गोंड मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में शामिल होने गया था। भंडारे के कार्यक्रम के दौरान अचानक उस पर गोली चला दी गई, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बालक के पिता लाल बहादुर सिंह गोंड ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला है। वे रीवा में मजदूरी कर अपने बेटे की पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं। पिता का आरोप है कि भंडारे के बाद मंदिर के पुजारी के बेटे ने उनके बेटे पर गोली चलाई और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली समेत शहर के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल बालक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m