Lifestyle Desk – भीषण गर्मी का मौसम चल रहा है और घर-घर में एयर कूलर की अहमियत बढ़ जाती है. खासतौर पर मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए कूलर किसी एसी से कम नहीं होता. यह कम खर्च में राहत देने का सबसे आसान साधन है. लेकिन कई बार कूलर चलाते ही कमरे में एक अजीब सी मछली जैसी बदबू फैलने लगती है, जो पूरे माहौल को खराब कर देती है. यह समस्या न सिर्फ असहज महसूस कराती है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकती है. आइए जानते हैं इसके कारण और इस समस्या से कैसे निपटें.

कूलर से बदबू आने के कारण
कूलर से आने वाली इस दुर्गंध का मुख्य कारण उसके टैंक में जमा पुराना पानी, काई (एल्गी), और नमी के कारण पनपने वाले फंगस और बैक्टीरिया होते हैं. लंबे समय तक कूलर की सफाई न करने पर यह गंदगी बढ़ती जाती है और हवा के साथ कमरे में फैलती रहती है. ऐसे में जरूरी है कि समय-समय पर कूलर की देखभाल की जाए. अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर कूलर को फिर से ताजगी भरी हवा देने लायक बना सकते हैं.
नियमित सफाई करें
सबसे पहला और जरूरी कदम है कूलर के टैंक की नियमित सफाई. कूलर को बंद करके उसका पुराना पानी पूरी तरह निकाल दें. इसके बाद टैंक को साफ पानी से धो लें. अगर टैंक में जमी काई ज्यादा है, तो आप ब्रश की मदद से उसे हल्के हाथ से साफ कर सकते हैं.
विनेगर का इस्तेमाल करें
इसके बाद दूसरा असरदार उपाय है सिरके (विनेगर) का इस्तेमाल. टैंक में पानी भरने के बाद उसमें एक कप सफेद सिरका डाल दें और कूलर को 10-15 मिनट के लिए चलाएं. सिरका बैक्टीरिया और फंगस को खत्म करने में मदद करता है और बदबू को दूर करता है.
बेकिंग सोडा भी आयेगा काम
इस बदबू भरी समस्या से निपटने के लिए बेकिंग सोडा का उपयोग भी किया जा सकता है. यह एक प्राकृतिक क्लीनर है जो दुर्गंध को सोख लेता है. कूलर के पानी में एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर चलाने से बदबू कम हो जाती है.
कूलिंग पैड की भी सफाई
कूलर की घास (कूलिंग पैड) को भी समय-समय पर साफ करना बेहद जरूरी है. अगर पैड बहुत पुराने या खराब हो गए हैं, तो उन्हें बदल देना ही बेहतर होता है. गंदे पैड भी बदबू का बड़ा कारण बनते हैं.
नीम का तेल डालें
नीम का तेल या कुछ बूंदें किसी एंटीसेप्टिक लिक्विड की भी पानी में मिलाई जा सकती हैं. इससे बैक्टीरिया की वृद्धि कम होती है और हवा ताजा बनी रहती है.
रोज बदलें पानी
यह ध्यान रखना जरूरी है कि कूलर का पानी रोजाना या हर दूसरे दिन बदला जाए. लंबे समय तक एक ही पानी इस्तेमाल करने से बदबू की समस्या बढ़ जाती है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

