London-Dhaka Flight Fight: बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की लंदन से ढाका जा रही फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला लात-घूंसों तक पहुंच गया। फ्लाइट में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बहस के बाद शुरू हुई मारपीट

‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के दौरान दो यात्रियों के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआती बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई। दोनों एक-दूसरे पर लगातार लात और घूंसे बरसाने लगे।

घटना के दौरान फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों ने दोनों को रोकने और मामला शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, कुछ समय तक दोनों के बीच मारपीट जारी रही। वायरल वीडियो में एक यात्री काफी आक्रामक नजर आ रहा है। इस दौरान उसकी टी-शर्ट भी फट गई।

फ्लाइट में मची अफरा-तफरी

दो यात्रियों के बीच अचानक हुई हिंसक झड़प से विमान में मौजूद अन्य यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों ने दोनों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तुरंत काबू में नहीं आई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पायलट भी यात्रियों के पास पहुंचा और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों यात्रियों को शांत कराया गया और फ्लाइट की स्थिति सामान्य हुई।

एयरलाइन ने क्या कहा?

घटना को लेकर बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जनरल मैनेजर महबुबूद्दीन अहमद से सवाल किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन जल्दी ही पता करता हूं।” एयरलाइन की ओर से घटना को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फ्लाइट में यात्रियों की मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m