राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ये सभी लोग वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। अब इनके खिलाफ डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दरअसल, मुखर्जी नगर थाना पुलिस इलाके में अवैध अप्रवासियों और तय समय से ज्यादा रुकने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को दो गुटों के बीच मामूली विवाद की सूचना मिली। जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि दो संदिग्ध व्यक्ति लगातार बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों को उन पर शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और दोनों संदिग्धों की पहचान व नागरिकता की जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक मुखर्जी नगर की इंदिरा विकास कॉलोनी में किराए के मकान में अपने तीन अन्य साथियों के साथ रह रहे थे। जांच में सामने आया कि पांचों व्यक्ति बांग्लादेश के नागरिक हैं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सभी आरोपी अलग-अलग तारीखों में हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचे थे। उनका उद्देश्य कथित तौर पर ग्रीस जाकर रोजगार हासिल करना था। बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 से वे ग्रीस से इंटरव्यू कॉल और नौकरी के प्रस्ताव का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन वे भारत छोड़कर नहीं गए।
जांच में यह भी सामने आया कि शुरुआत में सभी लोग दिल्ली के अलग-अलग होटलों में ठहरे थे। बाद में वीजा समाप्त होने के बाद वे पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी गणपति बिश्वास की मदद से इंदिरा विकास कॉलोनी में रहने लगे।
पुलिस के मुताबिक, जांच में साफ हो गया है कि सभी पांचों नागरिक वीजा नियमों का उल्लंघन करते हुए भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। फिलहाल उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

