संभलपुर: ओडिशा के संभलपुर स्थित वीर सुरेंद्र साय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (VIMSAR) के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (Gynaecology Department) से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है. यहाँ पिछले चार दिनों के भीतर पांच महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मई को इलाज करा रही एक महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. इसके बाद अगले कुछ दिनों के भीतर इसी विभाग में चार अन्य महिलाओं ने भी दम तोड़ दिया. एक के बाद एक हुई इन मौतों ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अभी तक इन मौतों के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है. अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि मौतों की वजह किसी विशेष बीमारी, दवा का रिएक्शन या इलाज में कोई लापरवाही थी, इसकी पुष्टि विस्तृत समीक्षा के बाद ही हो पाएगी. हालांकि, कुछ अटकलें यह भी हैं कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों के अधिक संख्या में भर्ती होने के कारण मृत्यु दर में यह वृद्धि देखी गई है.
VIMSAR के अधीक्षक सुनील शर्मा ने इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा- “हम नियमित रूप से इन मौतों की समीक्षा कर रहे हैं. जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. हम हर महीने समीक्षा बैठक करते हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से हर हफ्ते प्रत्येक विभाग के प्रमुखों से रिपोर्ट लेता हूं.”
बुर्ला स्थित यह मेडिकल कॉलेज पश्चिमी ओडिशा के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के लिए भी स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य केंद्र है. इतनी कम अवधि में पांच महिलाओं की मौत ने न केवल मरीजों के परिजनों बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया है. फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने मामले की गहराई से जांच करने का आश्वासन दिया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

