फ्लिपकार्ट के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर राज्य में कंपनी की दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट यूपी के एआई आधारित विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था और एमएसएमई को वैश्विक बाजार से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
सतीश सिंह, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को हुई मुलाकात के बाद फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कल्याण कृष्णमूर्ति ने उत्तर प्रदेश के साथ कंपनी की दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट पिछले 15 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहा है और राज्य के विकास, बेहतर कारोबारी माहौल तथा एमएसएमई को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
कारोबारी माहौल और विजन की सराहना
कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ग्राहकों की संख्या और विक्रेताओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने फ्लिपकार्ट को अपने विकास विजन का भागीदार बनाया है।
एआई आधारित विकास में सहयोग
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और फ्लिपकार्ट इस विजन का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी तकनीक और नवाचार के माध्यम से राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में सहयोग करेगी।

एमएसएमई को ई-कॉमर्स से जोड़ने पर जोर
एमएसएमई को लेकर हुई चर्चा का जिक्र करते हुए फ्लिपकार्ट सीईओ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के अधिक से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट देश में एमएसएमई के सबसे बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म में से एक है, जहां 5 लाख से अधिक उद्यम कारोबार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश की भी है और अब राज्य से और अधिक उद्यमों को जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
दीर्घकालिक साझेदारी का भरोसा
कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में उत्तर प्रदेश के साथ फ्लिपकार्ट का संबंध लगातार मजबूत हुआ है। ग्राहकों, विक्रेताओं और कारोबारी माहौल में हुए सकारात्मक बदलाव इसकी मिसाल हैं। उन्होंने दोहराया कि फ्लिपकार्ट उत्तर प्रदेश के विकास, डिजिटल परिवर्तन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी जारी रखेगा।


