सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बारिश के बीच खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से भाटागांव क्षेत्र के कई इलाके बाढ़ की चपेट में है। केसरी बगीचा, हरिओम नगर और भर्री खार इलाके में नदी का पानी करीब 2 से 3 किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गया है। कई घर पानी में डूब गए हैं और दर्जनों परिवार बाढ़ के बीच फंसे हुए हैं।
स्थिति की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बोट भेजी गई है। रेस्क्यू के लिए उतारे नाव खराब हो गए हैं। उसे पेड़ पर बांधकर रखा गया है। स्थानीय स्तर पर लोग अपने घर और जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं।



शरबा भट्टी बना टापू, लोगों की आवाजाही प्रभावित
बाढ़ के कारण शरबा भट्टी क्षेत्र चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू जैसा बन गया है। इसके चलते वहां लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाढ़ के पानी की वजह से इलाके में पहुंचना मुश्किल हो गया है।
अस्पताल और पेट्रोल पंप भी पानी में डूबे
बाढ़ के पानी की चपेट में सुविधा हॉस्पिटल और पेट्रोल पंप भी आया है। इसके अलावा आसपास के कई घरों में पानी घुस गया है। कुछ लोग घरों को बचाने की कोशिश में जुटे हैं, तो कई परिवार सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए रेस्क्यू का इंतजार कर रहे हैं।

सैकड़ों एकड़ सब्जी की फसल बर्बाद, मुर्गियों की मौत
खारुन नदी के बढ़े जलस्तर का सबसे ज्यादा असर नदी किनारे की सब्जी बाड़ियों पर पड़ा है। पानी भरने से सैकड़ों एकड़ में लगी सब्जी की फसल डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। बाढ़ की वजह से एक मुर्गी फार्म में एक हजार से ज्यादा मुर्गियों और मुर्गों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। पानी बढ़ने के बाद फार्म में मौजूद पक्षियों को बचाने का मौका नहीं मिल सका।
लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू के लिए नाव उतारी गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों से पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने और प्रशासन की रेस्क्यू टीम के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


