करनाल। जिले के तरावड़ी में जीटी रोड स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर एक अज्ञात युवक ने लूट की कोशिश की। वारदात उस समय हुई जब बाइक सवार युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने पंप पर पहुंचा। पेट्रोल डलवाने और पैसे देने के तुरंत बाद आरोपी ने सेल्समैन सुरेश कुमार पर पिस्तौल तान दी और सारा कैश देने की धमकी दी।
बाल-बाल बचा सैल्समैन
सेल्समैन ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया, जिससे दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने गोली चला दी, लेकिन वह हवा में निकल गई और सेल्समैन बाल-बाल बच गया। फायरिंग के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी अपनी मोटरसाइकिल लेकर तरावड़ी की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजपाल के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है।

