रांची। दीपावली और छठ के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच राजधानी रांची में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर की मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों में चलाए गए जांच अभियान के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आईं। कहीं खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली तो कहीं एक्सपायरी दूध-खोवा, मिलावटी पनीर और प्रतिबंधित रंग बरामद किए गए। तुपुदाना स्थित बजरंग स्वीट्स में छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं, नियमों के उल्लंघन पर दो प्रतिष्ठानों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
कोकर और बूटी मोड़ में भी चला जांच अभियान
दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को कोकर और बूटी मोड़ इलाके में मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। टीम ने कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
जांच के दौरान दो प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन और गंदगी पाए जाने पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में नम्रता महतो, मनीषा, रवि हांसदा और सहायक सजल श्रीवास्तव शामिल रहे।
बजरंग स्वीट्स में मिली एक्सपायरी सामग्री
इधर, तुपुदाना चौक के पास स्थित बजरंग स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से एक्सपायरी दूध और खोवा के साथ मिलावटी पनीर बरामद किया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल के लिए प्रतिबंधित रंग भी मिले। दुकान में सनपापड़ी, दूध पेड़ा समेत कई मिठाइयां बिना लेबल और निर्माण तिथि के रखी हुई थीं।
मिलावट मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच में मिलावट या अन्य अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए शहर में छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

