० 11 दुकानों और 2 गुपचुप ठेलों की जांच, अनियमितता मिलने पर ₹20 हजार का जुर्माना और नोटिस जारी
रामगढ़। उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बाजार समिति के समीप खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेलों पर औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 11 दुकानों और 2 गुपचुप ठेलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आया।
जांच के दौरान विभिन्न दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए बेसन के लड्डुओं में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग का इस्तेमाल पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिलावटी लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही अनियमितता मिलने पर 5 दुकानों पर कुल ₹20 हजार का जुर्माना लगाया गया और 3 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
वहीं, दो गुपचुप ठेलों पर तैयार किए गए छोलों में भी हानिकारक रंग का उपयोग पाया गया। टीम ने दोनों ठेलों के छोले मौके पर ही नष्ट कराए और संचालकों को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित जांच अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


