धनबाद। झारखंड के धनबाद में फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के बिशनपुर स्थित एक गुटखा गोदाम को सील कर दिया। जांच के दौरान गोदाम संचालक के सहयोग नहीं करने पर विभाग ने सख्त कदम उठाया। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आग लगे कंटेनर से शुरू हुई जांच

फूड सेफ्टी विभाग को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि गुटखा और पान मसाला से लदे एक कंटेनर में आग लग गई, जिसमें चालक झुलस गया। इसी घटना की जांच के दौरान विभाग की टीम बिशनपुर की राजवार बस्ती स्थित उस गोदाम तक पहुंची, जहां बड़ी मात्रा में गुटखा और पान मसाला रखे जाने की सूचना मिली थी।

संचालक ने नहीं किया सहयोग, फोन भी किया बंद

फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गोदाम संचालक सचिन चौरसिया को मौके पर बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं, गोदाम का ताला भी नहीं खुलवाया गया और बाद में उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। जांच में सहयोग नहीं मिलने पर विभाग ने मौके पर ही गोदाम को सील कर दिया।

सैंपल जांच के लिए भेजा गया

फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा ने बताया कि आगग्रस्त कंटेनर से पान मसाला का सैंपल लेकर उसे सदर थाना में सुरक्षित रखा गया है। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में मचा हड़कंप

फूड सेफ्टी विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ होगा कि बरामद पान मसाला और गुटखा निर्धारित मानकों के अनुरूप था या नहीं। साथ ही, गोदाम संचालक के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है, इस पर भी सबकी निगाहें हैं।