अजयारविंद नामदेव, शहडोल। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन सक्रिय हो गया है। मिठाई की दुकानों से लेकर किराना स्टोर, रेस्टोरेंट और खाद्य पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों तक निरीक्षण का सिलसिला शुरू हो गया है। कहीं दूध, दही और खोवा की जांच हो रही है, तो कहीं तेल, मसाले, काजू, बादाम और घी के नमूने लिए जा रहे हैं। लेकिन इस कार्रवाई के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है। क्या आम नागरिकों को मिलावट से सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सिर्फ त्योहारों तक ही सीमित है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन शहडोल द्वारा जिल के धनपुरी, ब्यौहारी, बुढ़ार और शहडोल में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से धनपुरी के सुभाष मिष्ठान भंडार सहित ब्यौहारी के शिवालय रेस्टोरेंट, अमन मिष्ठान भंडार और किराना दुकानों में खाद्य पदार्थों की जांच की गई। दूध, दही, खोवा, मिठाई, हल्दी, धनिया, लाल मिर्च पाउडर, सरसों तेल, गुड़ और शक्कर सहित अन्य खाद्य पदार्थों की ऑन-स्पॉट जांच में सभी नमूने सही पाए गए,वहीं, शहडोल के विशाल मेगा मार्ट, तिरुपति ट्रेडर्स और आदर्श किराना से नूडल्स, काजू, बादाम और घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। विराट इंडस्ट्रीज और महाकाल सॉर्टेक्स के निरीक्षण में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
धनपुरी में कुछ किराना दुकानों पर पंजीयन नहीं मिलने पर प्रकरण बनाए गए। जितेंद्र बेकरी से नानखटाई और टूटी-फ्रूटी के नमूने भोपाल भेजे गए, जबकि बुढ़ार की अचार फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति अच्छी मिली। यहां कर्मचारियों के मेडिकल हेल्थ संबंधी परीक्षण और अचार, राई व सौंफ के नमूने भी लिए गए।
ब्यौहारी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एमडीएम किचन का निरीक्षण कर आयोडीनयुक्त नमक और चावल के नमूने लिए गए। राहुल ट्रेडर्स में अवसान तिथि पार कर चुकी सामग्री का मौके पर विनष्टीकरण कराया गया, जबकि काजू, बादाम, मूंगफली और हल्दी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के हित में जरूरी है, लेकिन सवाल यह है कि क्या मिलावटखोर केवल दिवाली और दूसरे त्योहारों पर ही सक्रिय होते हैं। जब लोग सालभर खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं, तो नियमित निरीक्षण और निगरानी भी सालभर क्यों नहीं दिखाई देती?
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

