संजय पाटीदार, भोपाल। इन दिनों देश भर में सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित किए जाने वाले एग्जाम बिना मुश्किलों के हो ही नहीं रहे हैं। NEET पेपर लीक के बाद कई परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही कुछ हुआ मध्य प्रदेश के जहां MPESB के आयोजित वनरक्षक, जेल प्रहरी परीक्षा रद्द कर दी गई। इससे अभ्यर्थी भड़क उठे और धरने पर बैठ गए। लेकिन हद तो तब हो गई जब गलती मानने के बजाय सेंटर वालों ने पुलिस बुला ली।

मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा आयोजित वनरक्षक, क्षेत्र रक्षक और जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को राजधानी भोपाल के मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। अभ्यर्थियों ने तकनीकी गड़बड़ी और सर्वर फेल होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने पर कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस बुला ली।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्हें दोपहर 12:30 बजे रिपोर्टिंग के लिए बुलाया गया था, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी परीक्षा प्रारंभ नहीं हो सकी। छात्रों के मुताबिक, उन्हें बार-बार तकनीकी समस्या दूर होने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने सर्वर क्रैश होने की जानकारी दी। इसके बाद नाराज अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

अभ्यर्थियों का कहना है कि कई उम्मीदवार सैकड़ों किलोमीटर दूर से परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा रद्द होने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और पर्याप्त सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी देवांशु तिवारी सहित कई छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में धांधली और पेपर लीक की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि पेपर लीक के आरोपों की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छात्रों का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें परिसर से बाहर निकालने का प्रयास किया और बाद में पुलिस को बुला लिया गया। पुलिस की मौजूदगी में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र परिसर से बाहर कराया गया।

वहीं अभ्यर्थियों ने मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल और प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल MPESB की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 

बता दें कि MPESB की भर्ती परीक्षा 4 जून से 19 जून तक प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। रविवार को मित्तल कॉलेज में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने से परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m