समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व गृहमंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राज्यसभा पहुंचने से रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी षड्यंत्र कर रही है। बच्चन ने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले भी विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकारें बना चुकी है।
एमपी के पूर्व मंत्री व राजपुर से वर्तमान कांग्रेस विधायक बुधवार को बड़वानी पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में भी 27 विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार बनाई गई थी और ऐसे प्रयोग अन्य राज्यों में भी किए गए हैं। पूर्व गृहमंत्री ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को राज्यसभा चुनाव में ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंका की जानकारी मिली है।
ये भी पढ़ें: ‘अजय सिंह की राज्यसभा जाने में कोई रुचि नहीं’, कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर डॉ गोविंद सिंह की मांग, क्रॉस वोटिंग के खतरे को लेकर कही ये बात
बच्चन ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी के पक्ष में सभी विधायक मतदान करेंगे और उसे जिताने के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। बाला बच्चन ने यह भी कहा कि बड़वानी जिले के तीनों कांग्रेस विधायक पूरी तरह सतर्क हैं और पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी इस चुनावी प्रक्रिया में सजग, अलर्ट है और कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ अपने विधायकों को राज्यसभा भेजेगी।

