प्रमोद कुमार, कैमूर। करहगर के पूर्व विधायक संतोष कुमार मिश्रा आज मंगलवार (31 मार्च) को भभुआ स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर जवाबी हमला बोला। संतोष मिश्रा ने कहा कि, जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से देश की जनता लाइन में लगी हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि, देश की जनता लाइन में खड़े-खड़े परेशान है। कई लोग लाइन में खड़े-खड़े ही मर गए। कभी नोटबंदी में, तो कभी लॉक डाउन में और अब सिलेंडर लेने के लिए भी जनता को लाइन लगाना पड़ रहा है।

कठिन दौर से गुजर रहा है देश- संतोष मिश्रा

संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि, जैसा कि आज आप सबको पता है कि देश आज कठिन दौर से गुजर रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह पता था कि इजराइल और ईरान के बीच तनाव है और अमेरिका कभी भी युद्ध भड़का सकता है। इसके बावजूद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल चले गए और हमारे दशकों पुराने मित्र, जिसने हर मौके पर हमारा साथ दिया। उस ईरान के दुश्मनों से मिले।

बिजली मंहगा करने पर सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता ने कहा कि, ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच अभी भी लड़ाई चल रही है, लेकिन मुश्किल में फंसे हम भारत के लोग को रसोई गैस की किल्लत से घरों में चूल्हे नहीं जला पा रहे हैं। घंटो लोग लाइन में खड़े होकर एक सिलेंडर तीन-तीन हजार रुपए में खरीद रहे हैं और जब सिलेंडर महंगे हुए तो लोगों ने अपने परिवार और बाल बच्चों का पेट पालने के लिए बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हा खरीदना शुरू किया, लेकिन हाय रे सरकार आफत की इस घड़ी में लोगों को भरपेट खाना खाता देख भाजपा और जदयू की सरकार से रहा नहीं गया और सरकार ने शाम 5:00 बजे से रात 11:00 तक बिजली की कीमत 20% बढ़ा दिया। यह वही समय है, जब घरों में खाना पकाया जाता है।

पेट्रोल-डीजल का संकट भी शुरू

संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि, देश में पेट्रोल और डीजल का संकट शुरू हो चुका है। कई शहरों में लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। बावजूद इसके लोगो को पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, हमारी और आपकी जरूरत की हर चीज महंगी होती जा रही है। ऐसा लग रहा है, जैसे लुटेरों ने हमें चारों ओर से घेर लिया है और जो मिल रहा है सब कुछ लूट ले रहे हैं।

2 अप्रैल को पूरे बिहार में धरना-प्रदर्शन

कांग्रेस नेता ने कहा कि, इसलिए कांग्रेस पार्टी के हमारे नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और राजेश राम ने ठाना है कि जनता को मुश्किलों में डालकर लूटने वाली इन सरकारों का डटकर मुकाबला करना है और इनको उखाड़ फेंकना है। इसकी शुरुआत हम 2 अप्रैल से कर रहे हैं।

संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि, बिहार के हर प्रखंड मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी 2 अप्रैल को धरना-प्रदर्शन करेगी। फिर 3 अप्रैल को राजधानी पटना में कांग्रेस पार्टी का विराट प्रदर्शन होगा। हम जनता से अपील करते हैं की बार-बार देश को संकट में डालने और लूटने वाली सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे। इस मौके पर कांग्रेस के कैमूर जिला अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहें।

ये भी पढ़ें- नालंदा भगदड़: शवों के साथ लापरवाही पर बवाल, राजद का सरकार पर तीखा हमला, पूछा- क्या यही ‘बिहारी होने का गर्व’ है?