Bihar Politics: पूर्व सांसद आनंद मोहन ने राज्य के पूर्व सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदूय को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जदयू और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है और कहा कि, नीतीश को जिंदा दफना दिया गया है। अब जेडीयू थैली की पार्टी बनकर रह गई है। दरअसल आनंद मोहन महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण को लेकर सीतामढ़ी में आयोजित एक बैठक में पहुंचे थे, जहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बड़ा बयान दिया।

बैनर पोस्टर से गायब हुई तस्वीर

पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा कि, नीतीश कुमार ने जिस दौर से जदयू को बनाने से लेकर यहां लाने तक का काम किया है, आज जाकर देखिये जिंदा उनको दफन कर दिया गया। कहीं पर भी नीतीश कुमार का चेहरा नहीं दिख रहा है। मंच पर शपथ ग्रहण हो रहा था। नीतीश कुमार भी वहां मौजूद थे, 85 एमएलए के साथ व्यक्ति खड़ा था, लेकिन बैनर पोस्टर में उनकी तस्वीर तक नहीं थी।

पूरे एनडीए को डूबो दिया- आनंद मोहन

आनंद मोहन ने सवाल उठाते हुए कहा कि, आज बैनर पोस्टर में नीतीश कुमार का फोटो क्यों नहीं लग रहा है। यह बड़ा सवाल है? उनके सहयोगी क्या कर रहे हैं? वे आवाज क्यों नहीं उठाते हैं? नीतीश कुमार को बैनर पोस्टर से क्यों अलग कर दिया गया? नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया गया। किसने इस षड्यंत्र को अंजाम दे दिया? उन्होंने कहा कि, आनंद मोहन अंजाम की परवाह नहीं करता है, काम शेर करता है, अंजाम बुजदिल सोचता है। आज इन लोगों ने जेडीयू का बोरिया बिस्तर नहीं समेटा है, पूरे एनडीए को डूबा दिया है। उन्होंने कहा कि, टाईगर अभी जिंदा है सिंह इज किंग।

जदयू को बताया थैली पार्टी

वहीं, जदयू विधायक और उनके बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर सवाल किया गया तो आनंद मोहन ने कहा कि, जदयू अब थैली की पार्टी हो गई है। नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति धड़ल्ले से की जा रही है। पूर्व सांसद के इस बयान से बिहार में सियासी हलचल तेज होने की संभावना है। गौरतलब है कि जदयू से आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद सांसद और उनके बेटे चेतन आनंद जदयू से विधायक हैं। ऐसे में अब यह भी देखने वाली बात होगी की आनंद मोहन के इस बयान पर जदयू के नेताओं की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

ये भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी से मिले गौतम अदाणी, राज्य के विकास को लेकर दिया हर संभव मदद का आश्वासन