देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व सचिव जगदीश चंद्र का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। इसी बीच यशपाल आर्य़ और करण माहरा जैसे दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
करन माहरा ने दी श्रद्धांजलि
करन माहरा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ कि उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व सचिव, मेरे मार्गदर्शक, बड़े भाई एवं मेरे अभिन्न सहयोगी आदरणीय श्री जगदीश चंद्र जी का निधन हो गया है।
उनका स्नेह, मार्गदर्शन, सरल व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने जीवन में जिस निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यशपाल आर्य ने जताया दुख
वहीं यशपाल आर्य ने निधन पर शोक जताते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखण्ड विधानसभा के पूर्व सचिव जगदीश चंद्रा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, हृदय विदारक एवं स्तब्ध कर देने वाला है।
स्वर्गीय जगदीश चंद्रा जी का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार तथा सार्वजनिक जीवन के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुकरणीय जीवन से समाज और सार्वजनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

