धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। रविवार को पद्म भूषण पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव दिल्ली जयपुर हाईवे स्थित जिले के कस्बा धारूहेड़ा के जंगल बबलर पर्यटन स्थल में राधेश्याम गोमला की पुस्तक ‘सफर सृष्टि का’ लोकार्पण करेंगे।

इस समारोह में वे मुख्य अतिथि की भूमिका में होंगे जबकि अध्यक्षता रेवाड़ी के भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव करेंगे। यह पुस्तक विज्ञान, इतिहास, दर्शन, अध्यात्म, मानव-विकास और भविष्य-दृष्टि का समन्वित बौद्धिक दस्तावेज है।

इसमें ब्रह्मांड की उत्पत्ति, सिंगुलेरिटि, बिग बाउंस और बिग-बैंग सिद्धांत, ब्रह्मांड-विज्ञान, मानव-उत्पत्ति, सभ्यताओं का विकास, वेद-उपनिषद, संवत-प्रणालियाँ, भविष्य-विज्ञान और चेतना जैसे अनेक विषयों की धाराओं को एक सूत्र में बांधने का साहस किया गया है।

लेखक राधेश्याम ने बताया कि इस पुस्तक को हिन्दी साहित्य में अत्यंत नवीन, मौलिक और अनूठी “पॉडकास्टीय-चंपू शैली” में आधुनिक पॉडकास्ट संस्कृति को प्राचीन चंपू परंपरा से जोड़कर लिखा है, जिसमें संवाद, नाटकीयता, गद्य, पद्य, दृश्यात्मकता और श्रव्य अनुभूति का अद्भुत मिश्रण दिखाई देता है। यह शैली विशेष रूप से नई पीढ़ी के पाठकों को आकर्षित करने की क्षमता रखती है।

इस पुस्तक में लिखित संवाद केवल प्रश्नोत्तर नहीं हैं, बल्कि वे आधुनिक मनुष्य की जिज्ञासा और प्राचीन ज्ञान-परंपरा के बीच सेतु का कार्य करते हैं। पाठक को ऐसा अनुभव होता है जैसे वह किसी बौद्धिक पॉडकास्ट को सुन और देख रहा हो।