सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में आज शुक्रवार को जिउतिया स्नान के दौरान चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव की है, जहां पोखर में स्नान करने गई चार नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में चारों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिउतिया स्नान करने पहुंची थीं महिलाएं
मृतक बच्चियों की पहचान प्रमोद महतो की 13 वर्षीय बेटी सोनामति, 10 वर्षीय फूलमती, वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय बेटी सोनाली कुमारी और अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय बेटी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व को लेकर महिलाएं और बच्चियां पोखरे में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान चारों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
डॉक्टर ने चारों बच्चियों को मृत घोषित किया
बच्चियों को डूबता देख वहां मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्चियों को पानी से बाहर निकाला। पोखर से निकालने के बाद सभी बच्चियों को लेकर लोग सीएचसी पहाड़पुर पहुंचे। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।
पूरे गांव में पसरा मातम
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने सभी बच्चियों के शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद जहां पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- ‘EVM की जगह बैलेट पेपर से हो चुनाव’, SIR और मतदान प्रक्रिया पर हंगामे के बीच RJD की बड़ी मांग

