Vaishali News: बिहार के वैशाली से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शौचालय टंकी की जहरीली गैस के चपेट में आने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब टैंक में फंसे एक सदस्य को बचाने के प्रयास में एक-एक कर परिवार के अन्य लोग भी टैंक के अंदर चले गए और दम घुटने के कारण उनकी भी मौत हो गई।

पूरा मामला सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव की है। घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान आनंद कुमार, राहुल कुमार, और पंकज कुमार व एक अन्य सदस्य के रूप में हुई है। मृतक राहुल आनंद का पुत्र था। वहीं, पंकज और एक अन्य सदस्य दो मृतक आनंद के भाई थे। घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक राहुल की शादी बीते 24 फरवरी को बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी। वहीं, शादी के महज 5 दिन बाद ही दुल्हे समेत परिवार के अन्य सदस्यों की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोखता टैंक की सफाई के दौरान उसमें से जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। जैसे ही एक व्यक्ति बेहोश होकर गिरा, उसे बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी एक-एक कर अंदर चले गए। इस घटना में जहां परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, टैंक में उतरे 3 अन्य लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिनका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीएम और स्थानीय प्रशासन के साथ अन्य कई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह से टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: नशे की शिकायत करने पर 9 साल की मासूम की गला रेतकर निर्मम हत्या, हिरासत में नाबालिग आरोपी