अनूप दुबे/प्रदीप मालवीय, कटनी/उज्जैन। मध्य प्रदेश के कटनी और उज्जैन जिलों में बीते 24 घंटों के भीतर हुए चार दर्दनाक हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली। इन हादसों में भारतीय सेना के एक लांस नायक, एक 11 माह की मासूम और दो युवकों सहित कुल चार लोगों की मौत हुई है। वहीं इन हादसों में कई लोग घायल हुए हैं।

कटनी: खमरिया गांव में एक ही दिन में दो मौतें, गांव में पसरा मातम

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खमरिया में दो अलग-अलग सड़क हादसों से मातम पसर गया है। एक ही गांव में हुई दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है

युवक को पिकअप ने मारी टक्कर

पहली घटना सुबह की है जहां विजयराघवगढ़ के ग्राम गोदवार के रहने वाले रणजीत कोल एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। जिन्हें एक तेज रफ्तार पिक-अप वाहन ने टक्कर मार दी और हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अनियंत्रित ऑटो डिवाइडर से टकराया

दूसरी घटना देर शाम हुई, जब एक सवारी ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में उमरिया जिले की रहने वाली 11 माह की महक की जान चली गई। हादसे में करीब 6 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

पुलिस कर रही कार्रवाई

हादसों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच शुरू कर दी है और वाहनों को कब्जे में लिया जा रहा है।

उज्जैन: छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की दर्दनाक मौत

उज्जैन-गरौठ हाईवे पर ग्राम पदमाखोरिया के पास एक भीषण टक्कर में सेना के लांस नायक की मौत हो गई। कर्नाटक निवासी लांस नायक रामचंद्र अंबाला से अपने ससुर गोविंद पाटिल के साथ कार द्वारा कर्नाटक लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण कार सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

कंटेनर के नीचे फंसी कार

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और जवान रामचंद्र गाड़ी में ही बुरी तरह फंस गए। मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। उनके ससुर इस हादसे में घायल हुए हैं।

उज्जैन-नागदा मार्ग: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

उज्जैन के ही उन्हेल क्षेत्र में एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जहां राजस्थान से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए।

ट्रक ने मारी टक्कर

नागदा के समीप एक ढाबे के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी अंशुमन राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। धर्मेंद्र अपनी मौसी की लड़की की शादी से लौट रहे थे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है और मामले की जांच जारी है।

सड़क सुरक्षा पर खड़े हो रहे सवालों का जवाब क्या?

एक ही दिन में हुए इन बड़े हादसों ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक तेज रफ्तार का कहर मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़ करता रहेगा यह एक बड़ा सवाल बन गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m