रेवाड़ी की धारूहेड़ा पुलिस ने 91 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में चौथे आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
धनेश, रेवाड़ी। धारूहेड़ा थाना सेक्टर-6 पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। फरवरी 2024 में एक व्यक्ति के बैंक खाते से 91 हजार रुपये उड़ाने के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के जिला दक्षिण दिनाजपुर निवासी जोतोन पॉल को दबोचा है। पीड़ित रवि कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे खाते से रकम चोरी होने का पता चला था। बैंक में जांच के दौरान रकम पप्पू नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर होना पाया गया। इस Cyber fraud case में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिसके बाद अब चौथे आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की कड़ियाँ जुड़ती जा रही हैं।
ऐसे दिया था ठगी को अंजाम
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी पप्पू हलदार के खाते में ठगी के 91 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। वहीं, अन्य आरोपियों गोकुल पाल और जीबोन माहको ने कमीशन के लालच में साइबर ठगों को अपने बैंक खाते मुहैया कराए थे। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए चौथे आरोपी जोतोन पॉल ने भी साइबर ठगों के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी और अपना बैंक खाता उन्हें इस्तेमाल के लिए दिया था। इन गिरोहों का काम लोगों को झांसा देकर उनके बैंक खाते इस्तेमाल करना और अवैध राशि का लेनदेन करना था। पुलिस की कड़ी निगरानी और तकनीकी जांच के चलते अब तक इस गिरोह के चार सदस्यों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
पुलिस कर रही अन्य आरोपियों की तलाश
आरोपी जोतोन पॉल को पुलिस ने अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना सेक्टर-6 पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य साइबर ठगों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। धारूहेड़ा में हुई इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते या निजी जानकारी साझा न करें ताकि वे इस तरह की ठगी का शिकार होने से बच सकें।

