सोनू वर्मा, नूंह। सदर थाना पुलिस ने ठगी और धोखाधड़ी के एक अनोखे मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी खुद को फरीदाबाद के सेशन जज का ड्राइवर बताकर लोगों पर धौंस जमाता था और अदालती मामलों में राहत दिलाने के नाम पर दलाली करता था। आरोपी ने एक व्यक्ति को मुकदमे से धारा 307 हटवाने और गिरफ्तारी रुकवाने का झांसा देकर 1.80 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

ऊंची पहुंच का दावा कर ऐसे बिछाया जाल

मामला तब सामने आया जब धांधुका निवासी इकबाल ने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। शिकायत के मुताबिक, बाबूपुर निवासी न्याज मोहम्मद और उसके साथी इमरान ने खुद को रसूखदार बताते हुए इकबाल को विश्वास में लिया कि उनके अधिकारियों से सीधे संबंध हैं। उन्होंने पीड़ित के खिलाफ दर्ज एक मामले में मदद का भरोसा देकर भारी भरकम रकम ऐंठ ली। जब पीड़ित को कोई राहत नहीं मिली और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने रसूख का डर दिखाकर उसे ही धमकाना शुरू कर दिया।

पुलिस की गिरफ्त में मुख्य आरोपी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी न्याज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने किस्तों में पैसे लिए थे, जिनमें से कुछ वापस किए गए लेकिन एक बड़ी रकम अब भी हड़प ली गई। पुलिस अब इस मामले के सह-आरोपी इमरान की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपनी ‘फर्जी पहचान’ के जाल में फंसाकर ठगा है।