रामकुमार यादव, सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से धोखाधड़ी एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अंबिकापुर में पदस्थ एक आरक्षक और उसकी पत्नी पर जमीन खरीदने तथा पीडब्ल्यूडी का बकाया भुगतान मिलने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटपरिया (गांधीनगर) निवासी अनुपमा सिंह, जो ‘अनुपमा मेकओवर’ नाम से ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। उन्होंने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर सीएसपी कार्यालय में वाहन चालक के रूप में पदस्थ आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अलका प्रताप सिंह ने घरेलू संबंधों का लाभ उठाते हुए जमीन खरीदने के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पीडब्ल्यूडी मुख्यालय रायपुर से उनका 75 लाख रुपये का भुगतान लंबित है, जो जल्द मिलने वाला है।

30 लाख रुपये लिए, लौटाए सिर्फ 10 लाख

इसी भरोसे में आकर पीड़िता ने 11 जुलाई से 30 जुलाई 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 30 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। शिकायत के अनुसार, बार-बार रकम वापस मांगने पर भी आरोपी टालमटोल करते रहे। मार्च 2025 तक उन्होंने केवल 10 लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष 20 लाख रुपये के लिए 10-10 लाख रुपये के दो चेक दिए। लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि कानूनी नोटिस भेजने के बाद आरोपी अपनी बात से मुकर गए और पुलिस विभाग में प्रभाव का हवाला देते हुए एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने शहर के अन्य लोगों से भी इसी तरह लाखों रुपये की ठगी की है।

शिकायत के आधार पर डीजीपी के निर्देश के बाद गांधी नगर थाने में प्रवीण प्रताप सिंह और अलका प्रताप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों के विरुद्ध धोखाधड़ी और साझा आपराधिक मंशा के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक बीरेंद्र कुजूर को सौंपी गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H