चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां वादियों में घूमने की चाह रखने वाले पर्यटकों के साथ टूर एंड ट्रेवल्स के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की गई है। ट्रेवल एजेंसी के संचालक ने पर्यटकों से पैसे तो पूरे ले लिए, लेकिन उन्हें कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। पीड़ितों की शिकायत पर तुकोगंज पुलिस ने आरोपी ट्रेवल संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

होटल, गाड़ी और हेलीकॉप्टर का दिया था पैकेज

पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के रहने वाले अनिंदम देव ने मार्च महीने में इंदौर के टूर एंड ट्रेवल्स संचालक गौरव त्रिवेदी से संपर्क किया था। अनिंदम ने अपने साथ के 7 से 8 पर्यटकों के लिए एक ‘शिमला टूर पैकेज’ बुक कराया था। इस पैकेज के तहत आरोपी गौरव ने पर्यटकों को शिमला में लग्जरी होटल, घूमने के लिए गाड़ी और स्पेशल हेलीकॉप्टर जैसी वीआईपी सुविधाएं देने का वादा किया था।

UPI से ट्रांसफर कराए ₹2.5 लाख, फिर मुकरा

बुकिंग और तय शर्तों के एवज में फरियादी अनिंदम देव ने आरोपी गौरव त्रिवेदी के खाते में UPI के माध्यम से लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही ट्रेवल एजेंसी संचालक के तेवर बदल गए। जब पर्यटक यात्रा के लिए तैयार हुए, तो उन्हें न तो होटल की बुकिंग मिली और न ही गाड़ी या हेलीकॉप्टर की सुविधा दी गई।

जब पीड़ितों को एहसास हुआ कि उनके साथ टूर पैकेज के नाम पर धोखा हुआ है तो उन्होंने तुकोगंज थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस का क्या है कहना? मामले की गंभीरता को देखते हुए तुकोगंज थाना पुलिस ने आरोपी गौरव त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के अनुसार, पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m