० मधुमक्खी पालन, डेयरी, मशरूम, पॉलीहाउस, सिलाई सहित कई विषयों पर प्रशिक्षण; 10 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
अजय सैनी,हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान में जुलाई से सितंबर 2026 तक विभिन्न विषयों पर तीन से पांच दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं, किसानों और स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
संस्थान के सह-निदेशक डॉ. अशोक कुमार गोदारा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में मधुमक्खी पालन, संरक्षित खेती (पॉलीहाउस) में सब्जी उत्पादन, बेकरी, कटाई-सिलाई, नर्सरी प्रबंधन, केंचुआ खाद उत्पादन तथा सोयाबीन से सोया दूध तैयार करने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, डेयरी फार्मिंग और मशरूम उत्पादन तकनीक पर पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में हरियाणा के किसी भी वर्ग और आयु के इच्छुक महिला एवं पुरुष भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों के अलावा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई दोपहर 2 बजे तक संस्थान में आवेदन जमा कर सकते हैं। जुलाई माह के प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जबकि अगस्त और सितंबर के प्रशिक्षण सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण की तिथियों की सूचना प्रतिभागियों को दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी।
संस्थान विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3, लुदास रोड, हिसार पर स्थित है। चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के साथ एक पासपोर्ट आकार का फोटो और आधार कार्ड की फोटो प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
डॉ. गोदारा ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की सामग्री या आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। बेरोजगार युवाओं और किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अध्ययनरत कृषि विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।

