शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज प्रदेश की जनता को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। 21 साल बाद प्रदेश में फिर से सरकारी बसें दौड़ेंगी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 नई बसों का फ्लैग-ऑफ आज दोपहर 12 बजे भोपाल के BHEL दशहरा मैदान में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे और मुख्यमंत्री के साथ मिलकर हरी झंडी दिखाएंगे।
इस योजना के तहत पहले चरण में सात शहरों को जोड़ा गया है। इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड में ये बसें चलेंगी।
- इंदौर में 145 बसें
- भोपाल में 106 बसें
- जबलपुर में 67 बसें
- रीवा में 18 बसें
- देवास में 10 बसें
- कटनी में 3 बसें
- भिंड में 2 बसें
किराया सिर्फ 2 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है, जिससे आम आदमी को सस्ता और सुगम परिवहन मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में 2500 से 3000 नई बसें बेड़े में जोड़ी जाएं। लंबे समय में 15 हजार बसों का लक्ष्य रखा गया है। इन बसों को सुरक्षा और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए हर बस में सीसीटीवी कैमरे और आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन लगाए गए हैं।
भोपाल दौरे पर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी
आज भोपाल में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी का दौरा है। वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू हो रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। सुबह 8 बजे गोविंदपुरा में सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसी कार्यक्रम में रूप कुमारी चौधरी ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का शुभारंभ करेंगी। यह अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। दोपहर 12 बजे रूप कुमारी चौधरी भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी। वहां महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
गणपति बप्पा को दी जाएगी विदाई
आज अनंत चतुर्दशी पर भोपाल में गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी। शहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन का बड़ा चल समारोह आयोजित किया गया है। शाम 7 बजे भारत टॉकीज से मुख्य चल समारोह शुरू होगा। शहर के 7 घाटों पर करीब 10 हजार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर डायवर्जन लागू किया है। 20 से ज्यादा स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू हो गई है, जो अगले आदेश तक जारी रहेगी। भारी वाहन बायपास मार्ग से निकल सकेंगे। 4 मीटर से ज्यादा चौड़े ट्रॉलियों वाली बड़ी प्रतिमाओं के लिए अलग रूट निर्धारित किया गया है। ये ट्रॉली रोशनपुरा-माता मंदिर-पीएंडटी-भारत माता-मैनिट होकर भदभदा और प्रेमपुरा घाट जाएंगी। शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज क्षेत्र में सिटी बस और मैजिक बंद रहेंगी। शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास-बस स्टैंड की ओर आवाजाही बंद कर दी जाएगी।
सीएम के दिनभर के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिनभर व्यस्त रहेंगे। सुबह 11 बजे सीएम हाउस में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर 12 बजे दोनों भेल दशहरा मैदान में सुगम परिवहन सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। 1:30 बजे सिंगरौली के बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली जुड़ेंगे और 3:30 बजे से विभागीय समीक्षा करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


