गुलशन कुमार, नांगल चौधरी। 148-बी पर नांगल चौधरी के समीप स्थित सिरोही बहाली टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों के कारण चर्चा में आ गया है। टोल कर्मचारियों और एक वाहन चालक के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि चालक ने टोल कर्मियों पर गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगा दिए।

वाहन चालक के अनुसार टोल पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान जब उसने टोल पर हो रही देरी का कारण पूछा और जल्द निकासी की मांग की तो कुछ टोल कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। पीड़ित चालक का कहना है कि वह करीब डेढ़ घंटे से टोल पर खड़ा था। विवाद बढ़ने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन उसके अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले ही टोल कर्मचारी वहां से कुछ युवकों को हटा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। इस दौरान टोल पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी बन गई और वाहन चालकों ने नाराजगी जाहिर की। मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि टोल शुल्क को लेकर वाहन चालक और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई थी। दोनों पक्षों की बात सुनकर मौके पर ही विवाद को सुलझा दिया गया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाई गई एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी के दौरान कुछ टोल कर्मचारियों के हाथों में लाठी-डंडे दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद टोल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि सिरोही बहाली टोल प्लाजा का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी यहां वाहन चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच झगड़े, अभद्रता और मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर हुई घटना ने टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

