कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण को लेकर किए जा रहे बड़े निवेश की झलक आज हिसार के गांव धांसू में देखने को मिली, जहां लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने विभिन्न गौशालाओं को 84 लाख 41 हजार 560 रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने धांसू गौशाला में करीब 17 लाख रुपये की लागत से बने नए शेड का लोकार्पण भी किया, जिससे स्थानीय स्तर पर गौवंश के रखरखाव को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर गंभीरता से काम कर रही है और इसी के तहत गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने गौशालाओं के लिए बजट को बढ़ाकर अब 600 करोड़ रुपये वार्षिक कर दिया है, जबकि वर्ष 2014 से पहले यह बजट महज 40 करोड़ रुपये था। इस बढ़ोतरी को उन्होंने गौसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

मंत्री ने कहा कि गौधन न केवल भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। गौशालाओं के माध्यम से जहां एक ओर बेसहारा गौवंश की सुरक्षा हो रही है, वहीं दूसरी ओर जैविक और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गोबर और गौमूत्र से तैयार जैविक खाद और कीटनाशकों का उपयोग कर प्राकृतिक खेती अपनाएं, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होगी और खेती की लागत भी घटेगी।

इस मौके पर मंत्री ने ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा, पार्षद ओपी मालिया, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू सहित आसपास की गौशालाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गोभक्त मौजूद रहे।