राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार (12 जुलाई) को कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हुई। तीन दिनों तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के 226 पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले भी शामिल रहे। बैठक में संगठन विस्तार, प्रशिक्षण, सामाजिक अभियानों और समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक मंथन किया गया।

प्रशिक्षण शिविरों की समीक्षा, 18,842 स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण

बैठक में मार्च 2026 के बाद आयोजित संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, संघ कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

सितंबर में शाखा विस्तार अभियान पर रहेगा फोकस

बैठक में शाखा स्तर पर चल रही कार्ययोजनाओं की समीक्षा के साथ सितंबर माह में शाखाओं के अधिकतम विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी आयोजनों की रूपरेखा भी तय की गई। संपर्क में आए नए लोगों को सामाजिक कार्यों तथा ‘पंच-परिवर्तन’ अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा वर्ष 2026-27 के लिए सरसंघचालक के प्रवास कार्यक्रम पर भी विचार-विमर्श हुआ।

जनसंख्या असंतुलन और नशा-मुक्ति पर चिंता

बैठक में जनगणना और जनसंख्या असंतुलन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही देश में बढ़ते नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा-मुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।

राम मंदिर दान प्रकरण पर जताई चिंता

बैठक में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दान पात्र की राशि की गिनती में सामने आई कथित गड़बड़ी पर दुख व्यक्त किया गया। संघ ने विश्वास जताया कि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनुरोध पर गठित SIT और पुलिस की जांच निष्पक्ष एवं निर्णायक निष्कर्ष तक पहुंचेगी। साथ ही न्यास से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा भी व्यक्त की गई, ताकि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m