नरेश शर्मा, रायगढ़। जिले के बंगुरसिया गांव में आज दोपहर दो दंतैल हाथी सड़क पर आ गए। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने लापरवाही बरतते हुए पास जाकर हाथी का वीडियो बनाया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।


जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव के पास सड़क किनारे दो हाथियों को देखा गया। इस दौरान हाथियों को देख सड़क के दोनों तरफ वाहनों की रफ्तार थम गई। इस बीच राहगीरों ने हाथियों को नजदीक से देखने के लिए अपने वाहन रोक दिए और लापरवाहीपूर्वक उनके बेहद करीब जाकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। लोगों की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को निमंत्रण दे सकती थी। बंगुरसिया-हमीरपुर मार्ग में आज दोपहर निकले हाथियों में से एक हाथी ने लोगों को कुछ दूर तक दौड़ाया भी, इस दौरान एक शख्स बाल-बाल बचा है।
हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील
वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि हाथी या किसी भी जंगली जानवर को देखकर पास जाने या फोटो, वीडियो बनाने की बजाय दूर से ही सतर्कता बरतें और तुरंत वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दें।
रोजाना सड़क पर आ रहे गजराज
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों रोज़ाना हाथी कभी सड़क पर तो कभी गांव में घुसकर किसानों की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीती रात भी हाथी ने 8 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते हुए, जंगल में बनी एक झोपड़ी को तोड़ा है।
हाथियों ने इन किसानों के फसल को पहुंचाया नुकसान
बंगुरसिया गांव में
- जग मोहन गुप्ता/तेंगुनु गुप्ता – धान फसल
- भूपदेव गुप्ता/गोकुल प्रसाद – धान फसल
- नरेंद्र गुप्ता/अमृत लाल – धान फसल
4 जगन्नाथ गुप्ता/गोबिंदो गुप्ता – धान फसल
5 अनिल गुप्ता/शौकी लाल – सब्जी फसल
ग्राम चक्रधरपुर में
- निर्मल मालाकार/परमानंद – सब्जी फसल
- प्रहलादगुप्ता/बादल गुप्ता – सब्जी फसल
- दास रथी मालाकार/सेलू मालाकार – धान फसल

